दीपावली से पहले नकली खोवा-पनीर के कारोबारी सक्रिय, प्रशासन सतर्क, कार्रवाई की सूचना पर गिर रहे दुकान के शटर!

SHARE:

खाद्य सुरक्षा विभाग ने दी सख्त कार्रवाई की चेतावनी…

आज़मगढ़। दीपावली के त्यौहार से पहले जिले के विभिन्न इलाकों में नकली खोवा, पनीर और मिठाइयों का कारोबार जोर पकड़ने लगा है। फूलपुर, माहुल, सरायमीर, निज़ामबाद, अतरौलिया, बूढ़नपुर, जहानागंज समेत शहर और आसपास के ग्रामीण बाजारों में मिलावटी मिष्ठान बेचने वाले सक्रिय हो गए हैं।

सूत्रों के अनुसार, ये व्यापारी मिष्ठान प्रतिष्ठान मालिकों से सांठगांठ कर थोक में नकली खोया और सिंथेटिक सामग्रियों की आपूर्ति कर रहे हैं। दीपावली के अवसर पर भारी मांग को देखते हुए व्यापारी मुनाफाखोरी के लालच में बड़े पैमाने पर मिलावटी सामान का भंडारण कर रहे हैं। नागरिकों की ओर से मिलावटी मिठाई और नकली खोवे की शिकायतें लगातार अधिकारियों तक पहुंच रही हैं, लेकिन कई जगहों पर अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी है।

इस संबंध में खाद्य सुरक्षा उपायुक्त सुशील कुमार मिश्र ने बताया कि “विभाग की कई टीमें लगातार छापेमारी अभियान चला रही हैं। यदि कहीं नकली खोया या मिलावटी मिठाई का कारोबार पाया गया तो संबंधित के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।”प्रशासन ने जनता से अपील की है कि वे मिठाई खरीदते समय सतर्क रहें और किसी भी संदिग्ध मिष्ठान प्रतिष्ठान की सूचना तुरंत खाद्य सुरक्षा विभाग को दें।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment