हाई टेंशन तार की चपेट में आने से बुजुर्ग गंभीर रूप से झुलसे, ग्रामीणों ने विद्युत विभाग के खिलाफ किया प्रदर्शन!

SHARE:

मामला मदियापार के करमैनी उपकेंद्र से जुड़ा हुआ बताया जा रहा है…..

अतरौलिया (आज़मगढ़)। अतरौलिया थाना क्षेत्र के गजेंद्र पट्टी भेदौरा गांव में सोमवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब गांव के एक बुजुर्ग 11000 वोल्ट के हाई टेंशन तार की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। हादसे के बाद ग्रामीणों ने विद्युत विभाग पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव निवासी दूधनाथ यादव (72 वर्ष) पुत्र स्वर्गीय राम फेर सोमवार दोपहर लगभग 12 बजे पशु चराने सिवान की ओर गए थे। इसी दौरान नीचे लटके हाई टेंशन तार के संपर्क में आने से वे बुरी तरह झुलस गए। ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें बचाकर स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।

ग्रामीणों ने बताया कि गांव के प्राथमिक विद्यालय के पीछे महीनों से हाई टेंशन तार नीचे लटके हुए हैं। इसकी शिकायत कई बार जेई और एसडीओ से की गई, लेकिन विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं हुई। ग्रामीणों का आरोप है कि विभाग के कुछ कर्मचारी तार ठीक करने के बदले पैसे की मांग करते हैं। गांव के सत्यम सिंह, सूरज गुप्ता, प्रमोद गुप्ता, विजय विक्रम सिंह, राहुल यादव, अमन सिंह और सोनू यादव समेत ग्रामीणों ने कहा कि विद्युत विभाग की लापरवाही से यह हादसा हुआ है। उन्होंने मांग की कि विभाग घायल दूधनाथ यादव के इलाज की पूरी जिम्मेदारी ले और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए।

ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही लटके तारों को ऊपर नहीं किया गया तो वे बड़े आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। वहीं विभागीय सूत्रों ने बताया कि घटना की सूचना उच्चाधिकारियों को दे दी गई है और जल्द ही लटकते तारों को दुरुस्त कर दिया जाएगा, ताकि भविष्य में किसी भी प्रकार की अनहोनी न हो सके।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment