“मेहनत और लगन से कुछ भी असंभव नहीं” — आशीष यादव का यह सफर इसी सोच की सच्ची मिसाल है…
आजमगढ़। गोपालपुर विधानसभा क्षेत्र के मुरादपुर गांव के आशीष यादव ने अपने जुनून और मेहनत के दम पर दौड़ प्रतियोगिताओं में जो उपलब्धियां हासिल की हैं, वह न केवल गांव बल्कि पूरे प्रदेश के लिए गर्व का विषय हैं। मध्यमवर्गीय परिवार से ताल्लुक रखने वाले आशीष यादव, पिता संतोष यादव, वर्तमान में मुंबई से इंटरमीडिएट की पढ़ाई कर रहे हैं। पढ़ाई के साथ-साथ वे दौड़ प्रतियोगिताओं में लगातार शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं। बचपन से ही खेलों के प्रति गहरी रुचि रखने वाले आशीष ने अपनी लगन से एक के बाद एक कामयाबी हासिल की।

आशीष ने 2018 में अंडर-16 जूनियर राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतकर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। इसके बाद 2020 में अंडर-18 युथ राष्ट्रीय प्रतियोगिता में फिर से स्वर्ण पदक अपने नाम किया। यही नहीं, 2023 में स्कूल स्तर की अंडर-19 प्रतियोगिता में भी उन्होंने स्वर्ण पदक हासिल किया। ताज़ा उपलब्धि के रूप में 2025 में अंडर-20 जूनियर राष्ट्रीय दौड़ प्रतियोगिता में रजत पदक जीतकर प्रदेश का मान बढ़ाया। आशीष की विशेषता यह है कि उन्होंने वॉकिंग रेस में पूरे भारत में दूसरा स्थान प्राप्त किया, जिसमें देशभर के प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया था।
आशीष के दादा जयराम यादव ने बताया कि आशीष बचपन से ही दौड़ प्रतियोगिताओं में सक्रिय रहे हैं और आज उनकी मेहनत पूरे प्रदेश के लिए मिसाल बन गई है। वहीं, ग्राम प्रधान बृजेश यादव ने कहा, “आशीष यादव की यह उपलब्धि न केवल हमारे गांव बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। सीमित साधनों के बावजूद उन्होंने जो मुकाम हासिल किया है, वह युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। ”आशीष यादव की सफलता ने ग्रामीण अंचलों के युवाओं में नया उत्साह भर दिया है। अब गांव के बच्चे भी खेलों के माध्यम से देश-प्रदेश में नाम रोशन करने का सपना देखने लगे हैं।




