राजस्व निरीक्षक पर मुकदमा दर्ज करने की मांग, अधिवक्ताओं ने थाना प्रभारी को सौंपा शिकायत पत्र!

SHARE:

मिसलिनियस रिपोर्ट लगाने को लेकर हुआ था विवाद, दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर लगाए गंभीर आरोप…..

आजमगढ़। मार्टिनगंज तहसील के मीटिंग सभागार में अधिवक्ता और राजस्व निरीक्षक के बीच हुए विवाद का मामला अब थाने तक पहुंच गया है। बुधवार दोपहर करीब दो दर्जन अधिवक्ताओं ने दीदारगंज थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह को एक शिकायत पत्र सौंपते हुए राजस्व निरीक्षक के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।

अधिवक्ताओं ने आरोप लगाया कि 30 सितंबर 2025 को अधिवक्ता प्रशांत कुमार तिवारी ने एक भूमि विवाद से संबंधित मिसलिनियस रिपोर्ट लगाने हेतु राजस्व निरीक्षक सतेंद्र सिंह से संपर्क किया। इस दौरान रिपोर्ट के नाम पर रिश्वत मांगे जाने पर जब अधिवक्ता ने इनकार किया, तो राजस्व निरीक्षक ने उनके साथ अभद्रता और मारपीट की। अधिवक्ताओं का कहना है कि मामले में बीच-बचाव करने पहुंचे चार अन्य अधिवक्ताओं पर भी मुकदमा दर्ज करवा दिया गया।

अधिवक्ता प्रशांत तिवारी ने बताया कि राजस्व निरीक्षक ने रिपोर्ट लगाने के लिए उनसे ₹15,000 की मांग की थी, और रिश्वत से इनकार करने पर गाली-गलौज के बाद हमला किया गया। दूसरी ओर, राजस्व निरीक्षक सतेंद्र सिंह ने आरोपों से इनकार करते हुए कहा कि अधिवक्ता द्वारा उनसे एक भूमिधारी के निर्माण कार्य को रुकवाने और गलत जांच रिपोर्ट लगाने का दबाव बनाया जा रहा था। मना करने पर दर्जनों अधिवक्ताओं ने तहसील सभागार में उन पर हमला किया। उन्होंने बताया कि इस प्रकरण में उन्होंने पहले ही दीदारगंज थाने में मुकदमा दर्ज कराया है।

मार्टिनगंज एसडीएम दिव्या सिकरवार ने बताया कि अधिवक्ताओं का शिकायत पत्र प्राप्त हुआ है और दीदारगंज थाने के एसएचओ को मामले की जांच कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। वहीं थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने कहा कि अधिवक्ताओं का आवेदन मिला है, प्रकरण की जांच की जा रही है, रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

सूत्रों के अनुसार, राजस्व निरीक्षक सतेंद्र सिंह पर इससे पहले भी जांच रिपोर्ट और सरकारी कार्यों में रिश्वत लेने के कई आरोप लग चुके हैं।

ZFM Times
Author: ZFM Times

Leave a Comment