विश्वविद्यालय एवं वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में बृहद वृक्षारोपण का आयोजन…..
आजमगढ़। महाराजा सुहेलदेव विश्वविद्यालय आजमगढ़ परिसर में पर्यावरण दिवस के अवसर पर देर शाम वि0वि0 व वन विभाग के संयुक्त तत्वाधान में लगभग 12,535, वृक्षारोपण किया गया, कार्यक्रम की शुरुआत वि0वि0 के कुलपति प्रो0 संजीव कुमार ने एक पेड़ मां के नाम लगाकर पर्यावरण दिवस का विधिवत आगाज किया जिसमें वि0वि0 तथा वन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों एवं कर्मचारियों के साथ-साथ प्रोफेसर एवं अन्य विद्वतजन की गरिमामई उपस्थिति रही। वि0 वि0 के मीडिया प्रभारी डॉ0 प्रवेश कुमार सिंह ने बताया कि विश्वविद्यालय में प्रवेश प्रक्रिया व शिक्षक भर्ती साक्षात्कार की व्यस्तता के बावजूद पर्यावरण दिवस कार्यक्रम पूर्ण मनोयोग से मनाया गया,

विश्वविद्यालय कर्मियों के साथ तालमेल बिठा कर वन -विभाग के कर्मचारी सुबह से ही वृक्ष लगाने के स्थान को चिन्हित कर रहे थे। कार्यक्रम की विधिवत शुरुआत तकरीबन 3:00 बजे उस समय हुई जब कुलपति अपने सहकर्मियों के साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। वन विभाग के अधिकारियों ने सर्वप्रथम कुलपति की आगवानी की, ततपश्चात वन विभाग के अधिकारियों के निर्देशन में वि0वि0 के कुलपति प्रो0 संजीव कुमार, वित्त अधिकारी झा जी, उप कुल सचिव केश लाल ,स0 कुल सचिव डॉ0 महेश श्रीवास्तव, डॉ0 सियाराम शुक्ला, डॉ0 प्रवेश कुमार सिंह, डॉ0 जयप्रकाश यादव आदि के साथ-साथ विश्वविद्यालय के अधिकारी एवं छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह से वन विभाग के कर्मियों द्वारा वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहयोग प्रदान किया।
ध्यातव्य हो कि उत्तर प्रदेश सरकार व राज भवन द्वारा दिए गए लक्ष्य 37 करोड़ वृक्षारोपण इस थीम के साथ कि एक पेड़ मां के नाम पर न सिर्फ विश्वविद्यालय, जनपद, प्रदेश अपितु पूरे देश में वृक्षारोपण कार्य उत्सव के साथ किया गया। क्या अमीर क्या गरीब सभी ने धरती मां के श्रृंगार के लिए अपना यथासंभव योगदान देने का प्रयास किये। कार्यक्रम को गति प्रदान करने के लिए वि0वि0 के कुल सचिव विशेश्वर प्रसाद वन विभाग के साथ लगातार संपर्क स्थापित किए हुए थे। आवश्यकता अनुसार यथोचित दिशा निर्देश भी जारी कर रहे थे ,शासन प्रशासन की मँशा के अनुरूप तथा विश्वविद्यालय परिसर में वृक्षारोपण किस प्रकार किया जाए इसका भी दिशा निर्देश कुलपति से प्राप्त कर विश्वविद्यालय के अधिकारी वन विभाग के सभी वरिष्ठ व कनिष्ठ अधिकारियों से तालमेल कर देर शाम तक लगभग 12700 वृक्षारोपण करके परिसर को हरा भरा बनाने का संकल्प लिया। अंत में कुलपति व कुलसचिव ने विश्वविद्यालय के अधिकारी कर्मचारी छात्र-छात्राओं एवं वन विभाग के सभी कर्मियों तथा प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से वृक्षारोपण कार्यक्रम में सहयोग करने वाले सभी के प्रति आभार ज्ञापित किया।




